बुद्ध पूर्णिमा विशेषांक –
“अप्प दीपो भव” — स्वयं को प्रकाशित करके सत्य को पाने की यात्रा
मनुष्य जीवन की सबसे गहरी प्यास क्या है? धन, संबंध, सफलता या सम्मान? नहीं — इन सबसे परे एक और सूक्ष्म, मौन प्यास है — सत्य को जानने की प्यास, परमात्मा को पाने की प्यास।
हर व्यक्ति, चाहे वह जानता हो या नहीं, उसी परम सत्य की खोज में भटक रहा है। कोई मंदिरों में, कोई तीर्थों में, कोई ग्रंथों में, तो कोई विचारों में — परंतु खोज का केंद्र एक ही है।
इसी क्रम में यदि कभी तुम्हें कोई बुद्ध जेसी जीवित, जागृत आत्मा मिल जाए — तो उस अवसर को साधारण मत समझना। ऐसे आत्मा सच्चे गुरु है , ये गुरु दुर्लभ होते हैं। उनकी उपस्थिति मात्र से चेतना में हलचल होती है, सोई हुई आत्मा जागने लगती है। यदि ऐसा गुरु मिल जाए, तो अहंकार छोड़कर, संदेह छोड़कर, उसमें डूब जाना। क्योंकि वही तुम्हें उस दिशा में इंगित कर सकता है, जिसे लोग परमात्मा की दुनिया कहते हैं।
लेकिन यदि तुम्हें ऐसा गुरु न मिले, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। तब एक ही कार्य करो — स्वयं को सच्चा शिष्य बना लो। जब भीतर सच्ची प्यास जागती है, तो अस्तित्व स्वयं मार्ग बनाता है। तब गुरु तुम्हें खोज लेता है — यह कोई काव्यात्मक बात नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक सत्य है। जब गुरु सामने हो, तो पहचान आवश्यक है — अंधभक्ति नहीं, बल्कि सजग समर्पण। गुरु कोई ऐसा व्यक्ति नहीं जो तुम्हारा जीवन जी दे या तुम्हारा मार्ग तय कर दे।
बुद्ध का अमूल्य वचन है – “अप्प दीपो भव” — अपना दीपक स्वयं बनो।
इस वचन का अर्थ बहुत गहरा है। बुद्ध यह नहीं कह रहे कि गुरु की आवश्यकता नहीं है — बल्कि वे यह कह रहे हैं कि अंतिम जिम्मेदारी तुम्हारी है।
कोई भी व्यक्ति तुम्हारा मार्ग नहीं चल सकता |
कोई भी शक्ति तुम्हें सत्य तक नहीं पहुँचा सकती |
कोई भी गुरु तुम्हारी जगह जागृत नहीं हो सकता |
कोई भी व्यक्ति तुम्हे सफलता नहीं दिला सकता |
गुरु क्या कर सकता है? वह तुम्हें जगा सकता है, झकझोर सकता है, तुम्हें तुम्हारे भीतर के दीपक की याद दिला सकता है। परंतु चलना तुम्हें ही होगा।हम जन्म लेते हैं — अकेले , हम मृत्यु को प्राप्त होते हैं — अकेले, तो फिर जीवन की सबसे महत्वपूर्ण यात्रा भी अकेले ही तय करनी होगी।यह यात्रा दुखद नहीं है — यह स्वतंत्रता है। यही वह स्थान है जहाँ व्यक्ति अपने वास्तविक स्वरूप से मिल सकता है।
सत्य कहीं बाहर नहीं है। जो प्रकाश तुम खोज रहे हो, वह पहले से ही तुम्हारे भीतर विद्यमान है। गुरु का कार्य बस इतना है कि वह तुम्हें उस भीतर के दीपक की ओर संकेत कर दे।
जब तुम उस दीपक को पहचान लेते हो — तब जीवन में अंधकार नहीं रहता, भटकाव नहीं रहता, प्रश्न नहीं रहते। आज दुनिया में बहुत से लोग किसी न किसी के अनुयायी हैं। परंतु अनुयायी होना और सत्य को जानना — ये दो अलग बातें हैं।
अनुयायी होना आसान है, जागृत होना कठिन है यदि तुम केवल किसी के पीछे चलते रहोगे, तो तुम्हारी अपनी चेतना विकसित नहीं होगी। बुद्ध का संदेश स्पष्ट है — “बुद्ध का अनुयायी मत बनो, स्वयं बुद्ध बनो।” सत्य को पाने का केवल एक ही मार्ग है — स्वयं को जागृत करना, स्वयं को प्रकाश में लाना। यह मार्ग साहस मांगता है, ईमानदारी मांगता है, और सबसे अधिक — स्वयं के प्रति सत्यनिष्ठा मांगता है।
गुरु आवश्यक है — परंतु अंतिम सत्य नहीं ,
शिष्यता आवश्यक है — परंतु अंधानुकरण नहीं, अंततः —
दीपक तुम्हें स्वयं बनना होगा
मार्ग तुम्हें स्वयं तय करना होगा